उज्जैन निगम ने हरसिद्धि मार्ग से हटाया अवैध निर्माण: जेसीबी से तोड़ा टीन शेड; बोला- कार्रवाई जारी रहेगी

उज्जैन। जोन क्रमांक-3 की टीम ने रामघाट मार्ग से हरसिद्धि पाल मार्ग के बीच अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की। निगम कई दिनों से अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है।
मदन मोहन मंदिर के पीछे हरसिद्धि पाल मार्ग पर लोकेंद्र मेहता ने बिना अनुमति के टीन शेड का निर्माण किया। जांच करने पर मालूम हुआ कि यह निर्माण नियमों के विरुद्ध है।
इसके बाद निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध टीन शेड को हटाया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिना अनुमति निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अवैध निर्माण पर नगर निगम की कार्रवाई
उज्जैन में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर जोन क्रमांक-3 की भवन निरीक्षक सौम्या चतुर्वेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। रिमूवल गैंग और जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया।
मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए की कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग, शासकीय भूमि और आवागमन में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए नागरिकों के आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखना है।