MP में 2026-31 तक खेलो इंडिया स्कीम लागू: 36 हजार करोड़ बजट; विश्वास सारंग बोले- हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग देंगे

भोपाल। खेलो इंडिया स्कीम को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि नई खेलो इंडिया स्कीम वर्ष 2026 से 2031 तक लागू रहेगी। योजना का बजट 36,441 करोड़ है।
इस बार का बजट पिछले बजट की तुलना में 8 गुना ज्यादा है। इसके साथ ही 10 गुना ज्यादा खिलाड़ियों को अवसर मिलने की उम्मीद है।
इस योजना के तहत मध्य प्रदेश में सबसे बड़ा निवेश होगा। प्रदेश में संचालित 52 खेलो इंडिया सेंटरों को और मजबूत किया जाएगा। भोपाल में स्पोर्ट्स हब विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
स्कूल लेवल पर ही तैयार होंगे खिलाड़ी
विश्वास सारंग ने बताया कि खिलाड़ियों की प्रतिभा की पहचान स्कूल लेवल पर की जाएगी। प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों की स्थानीय खेल क्षमता के आधार पर टैलेंट क्लस्टर बनाकर रणनीति तैयार की जाएगी। उभरते खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म, ट्रेनिंग और डाइट की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर फोकस होगा।
हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग दी जाएगी
नई योजना में हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग के साथ व्यवस्थित स्पोर्टिंग इकोसिस्टम तैयार करने की योजना है। खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने के लिए एआई और वीडियो आधारित टैलेंट स्काउटिंग का भी इस्तेमाल किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों को इंटरनेशनल लेवल के अनुभव दिए जाएंगे ।
स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर होगा बेहतर
स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए तीन प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाएगा—स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर मेडल स्ट्रेटजी, स्ट्रेंथनिंग स्ट्रेटजिक स्पोर्ट्स एसेट्स और स्टेट एक्शन प्लान फॉर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट। योजना के लिए केंद्र और राज्य 60:40 के रेशीयों में इन्वेस्ट करेंगे होगी।
ट्रेनिंग और डाइट पर देंगे विशेष ध्यान
मंत्री ने कहा कि ओलंपिक खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों की ट्रेनिंग से लेकर डाइट तक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार विदेशी कोचों को भी लाया जाएगा। साथ ही पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम होगा।
देश को फिट करना है
विश्वास सारंग ने खेलों को स्वस्थ समाज से जोड़ते हुए कहा कि “देश को हिट करना है तो देश को फिट करना है।” उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए समाज, परिवार और अभिभावकों की भागीदारी जरूरी है।
प्रदेश में ड्रग्स के खिलाफ अभियान जारी
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में ड्रग्स के खिलाफ अभियान जारी है और युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नई खेलो इंडिया योजना के जरिए मध्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए मजबूत आधार तैयार किया जाएगा।