| | |

किसानों को चार गुना राशि देगी MP सरकार: 10 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी; अधिकारी बनाएंगे फार्मर आईडी

भोपाल। आज भोपाल में मोहन यादव कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि कैबिनेट ने प्रदेश में 10 हजार 630 करोड़ की विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को मंजूरी दी है।

इसमें 3458 करोड़ रुपए की लागत से 91 किलोमीटर लंबी सिवनी-बालाघाट सड़क को फोरलेन करने की मंजूरी दी गई है। यह सड़क हाइब्रिड मॉडल से बनेगी।

12 सड़कों का निर्माण हाइब्रिड मॉडल में
प्रदेश की 12 सड़कों का निर्माण भी हाइब्रिड मॉडल पर किया जाएगा।  जिसमें भोपाल से विदिशा की सड़क भी शामिल है। सड़कों के निर्माण के लिए नाबार्ड से लोन लेने की मंजूरी भी मिली है।

किसान को चार गुना राशि देने पर मंजूरी 
बैठक में किसानों से जमीन अधिग्रहण के लिए आपसी सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी भी दी गई। यह तय हुआ कि सहमत किसान को अधिग्रहित जमीन की चार गुना राशि तत्काल दी जाएगी। बैठक में उज्जैन में स्थापित हो रहे धनवंतरी विश्वविद्यालय के लिए पदों की स्वीकृति के साथ अन्य कई विभागों के लिए भी पदों की मंजूरी दी गई है। बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।

किसानों के लिए फार्मर आईडी
बैठक में ट्रेजरी में हुए भुगतान गड़बड़ी मामले में आरोपी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियोजन की स्वीकृति भी दी गई। बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। 20 अगस्त से फार्मर आईडी बनाने का काम शुरू हो चुका है और अब अधिकारी घर-घर जाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाएंगे।

खाद की बुकिंग सुविधा भी शुरू होगी 
खाद वितरण व्यवस्था को आसान बनाने के लिए व्हाट्सऐप के जरिए खाद की बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। खाद वितरण की ई-प्रणाली को सुझावों के आधार पर सरल किया जाएगा। वहीं, बिना पंजीयन के भी किसान कोई एक उर्वरक खरीद सकेगा।

असामान्य बारिश को लेकर CM ने की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में असामान्य बारिश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिक बारिश वाले जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा कम बारिश वाले जिलों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।


एशियन गेम्स के खिलाड़ियों को बधाई दी 

मुख्यमंत्री ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले मध्यप्रदेश के 32 खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही स्पेस टेक्नोलॉजी में काम करने वाले विदिशा के विभोर जैन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात को भी प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया गया।

Share