| | |

इंदौर में LLB छात्र से मारपीट: नगर सुरक्षा समिति के जवानों ने पाइप से पीटा; पुलिसकर्मियों पर भी आरोप

इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र के साथ नगर सुरक्षा समिति के जवानों ने मारपीट की।  पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के मुताबिक, वह रात के समय बाइक पर तीन सवारी के साथ जा रहा था। इसी दौरान नगर सुरक्षा समिति के जवानों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि जवानों ने गाली-गलौज की और उससे पैसों की मांग की। पीड़ित का कहना है कि जवानों ने उसकी बाइक की चाबी छीनने की भी कोशिश की।

विरोध करने पर पाइप से मारपीट का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके पैर और पेट पर पाइप से हमला किया गया। उसका दावा है कि चार से पांच लोगों ने 10 से 15 मिनट तक उसके साथ मारपीट की। उसे थाने ले जाने के बाद भी रातभर बैठाकर रखा गया। उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

पुलिस कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश
पीड़ित ने आरोप लगाया कि परिजनों को सूचना नहीं दी गई। मेडिकल जांच भी देर से कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नर ने थाने और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। 
Share