| |

उमरिया में कमर तक डूब कर नदी पार कर रहे स्टूडेंट्स: कंधे पर बैठाकर ले जा रहे अभिभावक; प्राचार्य को हटाया

करकेली। जनपद करकेली के ग्राम बिलासपुर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले 40 स्टूडेंट्स रोज नदी पार कर मानिकपुर जा रहे है।

इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र बड़करे ने विद्यालय के प्राचार्य अमित पटेल के विरुद्ध कार्रवाई की है।

पुल के अभाव में करते है 7 किलोमीटर सफर
बिलासपुर के हायर सेकेंडरी विद्यालय से मानिकपुर की दूरी 2 किलोमीटर है। दोनों गांवों के बीच बड़की नदी पर पुल नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को हर्रा-दाढ़ होकर 7 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी पड़ती है। समय और दूरी बचाने के लिए छात्र-छात्राएं नदी पार कर जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं।

विद्यालय प्रबंधन के स्तर पर कार्रवाई शुरू
वायरल वीडियो में विद्यार्थी इसी तरह नदी पार करते नजर आए थे। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बीच बच्चों के इस तरह आना-जाना से कभी भी हादसा हो सकता है। शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और विद्यालय प्रबंधन के स्तर पर कार्रवाई की गई।

बड़े हादसे का खतरा
मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय होने से नदियां उफान पर है। पनि ज्यादा होने से डैम से कभी भी पानी छोड़ दिया जाता है। ऐसे में बच्चों का रोज इस तरह नदी पार करने से कभी भी हादसा हो सकता है।

कई समय से कर रहे मांग
ग्रामीणों के अनुसार बड़की नदी पर पुल निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है। अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से विद्यार्थियों सहित आम ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Share