| |

थांदला में सरकारी गेहूं अंकुरित: बोरियां फटीं, जमीन पर बिखरा राशन; ग्रामीणों ने वीडियो से खोली पोल

झाबुआ। थांदला तहसील के कोटडा गांव से लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां शासकीय उचित मूल्य दुकान में रखा सरकारी गेहूं खराब हो गया। कई बोरियों में नमी आने से गेहूं अंकुरित होकर उग गया। कुछ बोरियां फट गईं। गेहूं जमीन पर भी बिखरा मिला।

ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल किया इसके बाद मामला सामने आया। ग्रामीणों का आरोप है कि अनाज की सही देखरेख नहीं हुई। समय पर सफाई भी नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुकान की जांच और पूरे स्टॉक का सत्यापन कराने की मांग की है।

नमी और रखरखाव की वजह से हुआ गेहूं खराब
ग्रामीणों का आरोप है कि शासकीय दुकान में खाद्यान्न के रखरखाव और सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लंबे समय तक बोरियों की सही तरीके से देखरेख नहीं होने के कारण गेहूं में नमी आ गई। इसके बाद बोरियों के अंदर रखा गेहूं अंकुरित हो गया। जमीन पर बिखरा अनाज भी खराब हो चुका है।

ग्रामीणों ने की जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अनाज गरीब परिवारों को वितरण के लिए रखा जाता है। ऐसे में खाद्यान्न का इस तरह खराब होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से दुकान का औचक निरीक्षण करने, स्टॉक की जांच करने और गेहूं की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला खाद्य अधिकारी आनंद कुमार चंगोड़ ने बताया कि उन्हें खाद्यान्न खराब होने की जानकारी मिली है। मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। जांच के बाद ही पता चलेगा कि खाद्यान्न किस वजह से खराब हुआ। इसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Share