|

सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को 945 करोड़ की सौगात: सीएम यादव ने किया 5.30 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन; इंदौर गेट और नीलगंगा से जुड़ेगा मार्ग

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे। शहर आगमन के बाद मुख्यमंत्री सीधे कालिदास अकादमी पहुंचे, जहां उन्होंने उज्जैन की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का विधिवत भूमिपूजन किया। इस परियोजना से शहर में यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

उज्जैन में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर 5.30 किलोमीटर लंबा होगा। करीब 945.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के दो हिस्से होंगे। पहला इंदिरा नगर चौराहे से नीलगंगा और दूसरा निकास चौराहे से इंदौर गेट तक होगा।

यातायात व्यवस्था को मिलेगी राहत

उज्जैन में बढ़ते ट्रैफिक और प्रमुख सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर को एक बड़ी राहत देने वाली परियोजना माना जा रहा है। इससे शहर के व्यस्त इलाकों में स्थानीय और बाहरी वाहनों का दबाव कम होगा। कॉरिडोर बनने से यातायात को एक अलग मार्ग मिलने के साथ आवागमन भी सुगम होगा। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए शहर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने वाली परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

करोड़ों रुपये की लागत से निखरेगा शहर

उज्जैन में बनने वाला 5.30 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर 945.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। कॉरिडोर शुरू होने के बाद प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी, सफर का समय घटेगा और शहर की कनेक्टिविटी पहले से अधिक सुगम व व्यवस्थित हो सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह भूमिपूजन शहर के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार शाम उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालिदास अकादमी में होमगार्ड और एसडीआरएफ (SDRF) द्वारा लगाई गई अत्याधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम ने आपात परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक संसाधनों की जानकारी ली और जवानों के प्रयासों व तैयारियों की सराहना की।

Share