पीथमपुर के पिछड़े इलाके में AI की शुरुआत: CM ने किया प्लांट का उद्घाटन; ₹10 हजार करोड़ का निवेश

पीथमपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में जर्मन तकनीक पर आधारित दो प्रमुख यूनिट्स का उद्घाटन किया गया। प्रताप ग्रुप की इन इकाइयों में डिजिटल फाइबर और लिथियम-आयन बैटरी का निर्माण होगा। कंपनी के चेयरमैन देवेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, लिथियम बैटरी प्लांट देश के बड़े प्लांट्स में शामिल है।
1,200 एकड़ में फैला स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क (SIP) मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। पार्क के सभी 123 भूखंडों का आवंटन हो चुका है। इससे प्रदेश को ₹10 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। परियोजना के पूरी क्षमता से संचालित होने पर करीब 17 हजार युवाओं को रोजगार मिलने का अनुमान है।
AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ऊर्जा भंडारण पर फोकस
देवेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि AI की बढ़ती जरूरतों के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी है। नई तकनीक के जरिए सोलर और विंड एनर्जी को स्टोर कर जरूरत के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बैकअप मिलेगा।

अभी 3 से 4 हजार को रोजगार, विस्तार से 20 हजार तक अवसर
दोनों यूनिट्स से वर्तमान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 3 से 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। प्रोजेक्ट के विस्तार के साथ 15 से 20 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
CM बोले- धार अब तेजी से बढ़ता औद्योगिक केंद्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जर्मन तकनीक पर आधारित यह उद्योग प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के भविष्य के लिए नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कभी आदिवासी बहुल और पिछड़ा माना जाने वाला धार आज प्रदेश के तेजी से बढ़ते औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में शामिल हो गया है।

SIP में आधुनिक सुविधाएं
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में चौड़ी कंक्रीट सड़कें, 24 घंटे बिजली और पानी की सुविधा, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं हैं। पार्क का NH-52 से सीधा जुड़ाव है। इंदौर एयरपोर्ट और पीथमपुर इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) की नजदीकी से कंपनियों को लॉजिस्टिक्स में फायदा मिलता है।

ऑटो और फार्मा कंपनियों के लिए रणनीतिक लोकेशन
एशिया के सबसे लंबे ऑटो टेस्टिंग ट्रैक के समीप होने के कारण यह क्षेत्र ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण है। पार्क में सिप्ला, मैकलॉइड्स, एलेम्बिक, हेलियन, रालसन टायर्स, ऑटोमोटिव एक्सेल, जामना ऑटो और टेनेको क्लीन एयर जैसी कंपनियां मौजूद हैं।
युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर
MPIDC, CII और VE कमर्शियल व्हीकल्स के संयुक्त प्रयास से परिसर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑनलाइन पारदर्शी भूखंड आवंटन प्रक्रिया के चलते स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। इससे औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार और माल परिवहन से जुड़ी संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।