| |

खातेगांव में 14 किसानों के मुआवजे के लिए प्रशासन की कार्रवाई: टोल से AC,कंप्यूटर और अन्य समान जब्त; एक दिन पहले किया था नगर बंद

खातेगांव। बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पर 20 अगस्त को प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। 14 किसानों को 9.73 करोड़ रुपए से ज्यादा का मुआवजा नहीं मिलने के मामले में कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की टीम टोल प्लाजा पहुंची। टीम ने टोल कार्यालय में रखे सामान की सूची बनाकर समान जब्त करना शुरू करेंगे। इसमें फर्नीचर, AC, कंप्यूटर और अन्य सामान शामिल हैं। सूची पूरी होने के बाद सामान को जब्त किया जाएगी।

लंबे समय से मुआवजे का इंतजार
14 किसान लंबे समय से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जमीन के बदले मिलने वाली पूरी राशि उन्हें अब तक नहीं मिली है। इसे लेकर किसान कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। मुआवजा नहीं मिलने के कारण मामला कोर्ट तक पहुंचा। अब कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने टोल प्लाजा पर कार्रवाई शुरू की है।

एक दिन पहले खातेगांव में हुआ था प्रदर्शन
इस कार्रवाई से एक दिन पहले 19 अगस्त को स्थानीय वाहनों को टोल से छूट देने की मांग को लेकर खातेगांव बंद रहा था। बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पहुंचे थे। लोगों ने प्रदर्शन करने के साथ चक्काजाम भी किया था।

NHAI ने टोल एजेंसी को दिए थे निर्देश
प्रदर्शन के बाद NHAI का टोल एजेंसी को भेजा गया पत्र भी सामने आया था। इसमें कहा गया था कि केवल स्थानीय होने के आधार पर किसी वाहन को टोल से छूट नहीं दी जा सकती। टोल से छूट केवल तय नियमों के अनुसार ही दी जा सकती है।

किसानों का पैसा मिलने तक चलेगी कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। किसानों के बकाया मुआवजे का भुगतान होने तक कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी. फिलहाल बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पर 20 अगस्त की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद किसानों को अपने बकाया मुआवजे के भुगतान की उम्मीद है।

Share