| | |

कुक्षी में ग्रामीण पर हमला कर लूट की कोशिश: 3 आरोपी गिरफ्तार; हथियार-बाइक जब्त

धार। कुक्षी तहसील के ग्राम धुलसर में ग्रामीण से लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 31 जुलाई की शाम छोटी पुलिया के पास ग्रामीण को रोका था। इसके बाद हथियार से हमला कर लूट की कोशिश की। हमले में ग्रामीण घायल हो गया था। हालांकि आरोपी उसके पास से कोई सामान नहीं ले जा सके।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सुनील पिता करम सिंह भूरिया (18) निवासी कुंडली, लोकेश पिता भंगड़ा मसानिया (20) निवासी तड़वी और ठाकुर पिता सुमन बामनिया (18) निवासी बामनिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को निमथल-लांगसरी क्षेत्र से पकड़ा।

छोटी पुलिया के पास किया था हमला
31 जुलाई को फरियादी अंबालाल पिता बरकतसिंह तड़वाल निवासी रेबड़दा ने कुक्षी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि शाम करीब 6 बजे धुलसर से आगे छोटी पुलिया मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद हथियार से हमला कर घायल किया और लूट का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार आरोपियों की तलाश की और सूचना मिलने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

मोटरसाइकिल और हथियार जब्त
थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और हथियार भी जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड मिलने के बाद उनसे अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर और SDOP कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

Share