|

कहानी-3 में दिखेगी यामी गौतम, विद्या बालन को किया रिप्लेस, इस बार नई स्टोरी और सस्पेंस के साथ बनेगी फिल्म

मुंबई। करीब एक दशक बाद बॉलीवुड की चर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘कहानी’ अपने तीसरे पार्ट के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्ट-3 में इसबार विद्या बालन की जगह यामी गौतम मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं। इस पार्ट का निर्देशन भी सुजॉय घोष द्वारा ही किया जाएगा। फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और मेकर्स शूटिंग शेड्यूल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

इस बार नई होगी कहानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कहानी 3’ में विद्या बालन की जगह पहले दोनों पार्ट्स की सीधी कड़ी नहीं होगी। इस बार विद्या बालन के किरदार को आगे बढ़ाने के बजाय दर्शकों को पूरी तरह नई कहानी देखने को मिलेगी। हालांकि, फिल्म का बैकड्रॉप और फ्रेंचाइजी की पहचान बन चुका सस्पेंस और थ्रिल बरकरार रहेगा। मेकर्स का लक्ष्य दर्शकों को फ्रेंचाइजी का वही रोमांच देते हुए एक नया सिनेमाई अनुभव देना है।

किरदार में होंगे कई लेयर्स
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में यामी गौतम का किरदार बेहद दमदार और कई लेयर्स वाला होगा। कहानी उनके इर्द-गिर्द घूमेगी, जिसमें रहस्य, भावनात्मक संघर्ष और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। फिलहाल टीम स्क्रिप्ट के अंतिम ड्राफ्ट और शूटिंग टाइमलाइन पर काम कर रही है।

राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद की बड़ी फिल्म
राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद यामी गौतम के लिए ‘कहानी 3’ को उनके करियर का अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। ‘आर्टिकल 370’ में दमदार प्रदर्शन के बाद अब वह एक और महिला प्रधान थ्रिलर फिल्म में नजर आ सकती हैं। हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन यामी और सुजॉय घोष की संभावित जोड़ी ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

पहले के दो पार्ट्स को किया था काफी पसंद
साल 2012 में रिलीज हुई ‘कहानी’ और 2016 में आई ‘कहानी 2’ ने अपनी मजबूत कहानी, महिला केंद्रित किरदारों और चौंकाने वाले क्लाइमैक्स की वजह से हिंदी सिनेमा की बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों में जगह बनाई थी। अब तीसरे पार्ट से भी दर्शकों को उसी स्तर के सस्पेंस और रोमांच की उम्मीद है।

Share