शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 768 अंक टूटा, निफ्टी 23,600 के करीब

घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को बाजार लाल निशान पर खुला, जहां पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण निवेशकों की धारणा कमजोर नजर आई।
कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 768.84 अंक यानी 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 75,246.44 अंक पर कारोबार करता दिखा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 210.05 अंक यानी 0.88 फीसदी टूटकर 23,605.80 अंक के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया।
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता पर संकट ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर दिखाई दे रहा है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार निकासी ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। निवेशकों को आशंका है कि यदि पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़े, तो ऊर्जा लागत बढ़ने से भारतीय अर्थव्यवस्था और कॉर्पोरेट मुनाफे पर असर पड़ सकता है।
इस बीच भारतीय मुद्रा रुपया भी दबाव में दिखा। शुरुआती कारोबार में रुपया 35 पैसे कमजोर होकर डॉलर के मुकाबले 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। सोमवार को सेंसेक्स 1,313 अंक गिरकर 76,015 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 360 अंक टूटकर 23,815 के स्तर पर बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।






