स्कीम 140 और कनाडिया अंडरपास पर बनेगी नई सर्विस रोड: 3 साल से जाम का समाधान तलाश रहा निगम; अब 150-150 मी. हिस्से पर फोकस

इंदौर। बायपास पर स्कीम नंबर 140 में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए दो पॉइंट पर नई सर्विस रोड बनाई जाएगी। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बायपास स्थित स्कीम नंबर 140 से डीपीएस स्कूल तक अंडरपासों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्कीम नंबर 140 और कनाडिया अंडरपास के पास 150-150 मीटर लंबी सर्विस रोड बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक इन दोनों जगहों पर सर्विस रोड बनने से मेन रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा। अंडरपास के आसपास वाहनों की आवाजाही आसान होगी। पीक टाइम में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
बायपास के इस हिस्से में ट्रैफिक जाम की परेशानी नई नहीं है। मार्च 2023 में तत्कालीन निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने भी स्कीम नंबर 140 से डीपीएस स्कूल के आगे तक सर्विस रोड को लेकर निरीक्षण किया था। उस समय बायपास पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए 7 किमी लंबी और 15 मीटर चौड़ी 4-लेन सर्विस रोड बनाने की योजना पर काम किया था।
पहले इस सर्विस रोड को दो लेन बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन ट्रैफिक दबाव और हादसों को देखते हुए इसे चार लेन करने की योजना बनाई गई थी। सड़क चौड़ी करने में आ रही बाधाओं और निजी निर्माणों को लेकर भी मौके पर अधिकारियों ने जानकारी जुटाई थी।
7.5 किमी रहता है हैवी ट्रैफिक
अप्रैल 2023 की में स्कीम नंबर 140 से डीपीएस तक 7.5 किमी के सर्विस रोड पर हैवी ट्रैफिक रहता है। उस समय सर्विस रोड की मौजूदा चौड़ाई बढ़ाकर 10 से 14 मीटर करने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा था। यानी तीन साल पहले जिस हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बड़े स्तर पर सर्विस रोड की योजना बनाई गई थी, वहां अब निगम ने तत्काल जाम वाले दो पॉइंट चिन्हित कर छोटे हिस्से में अतिरिक्त सड़क बनाने का रास्ता चुना है।
बायपास की सर्विस रोड का बड़ा प्रोजेक्ट अटका
बायपास पर जाम की समस्या सिर्फ स्कीम 140 और कनाडिया तक सीमित नहीं है। अगस्त 2026 में बायपास के दोनों ओर 32-32 किमी लंबी 4-लेन सर्विस रोड बनाने की बड़ी योजना लंबे समय से अटकी हुई है। परियोजना की डीपीआर तैयार होने के बावजूद बजट और जिम्मेदारी को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। इस बड़े प्रोजेक्ट का मकसद मुख्य बायपास पर वाहनों का दबाव कम करना और स्थानीय यातायात के लिए अलग रास्ता उपलब्ध कराना है। लेकिन परियोजना में देरी के कारण बायपास पर रोजाना ट्रैफिक का दबाव बना हुआ है।
अब जाम वाले पॉइंट पर छोटा समाधान
निगम ने फिलहाल बड़े प्रोजेक्ट का इंतजार करने के बजाय स्कीम 140 और कनाडिया अंडरपास के पास 150-150 मीटर नई सर्विस रोड बनाने का निर्णय लिया है। दोनों जगह सड़क मेन रोड के बराबर रहेगी। इससे अंडरपास के पास वाहनों को निकलने के लिए जगह मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि इन दोनों हिस्सों में सड़क बनने से ट्रैफिक का फ्लो कम होगा। खासकर पीक आवर्स में अंडरपास और सर्विस रोड के आसपास वाहनों की कतार में कमी आएगी।
पहले भी बन चुकी है योजना
स्कीम नंबर 140 में बढ़ते ट्रैफिक को लेकर पहले भी योजनाएं बनी हैं। जुलाई 2023 में आईडीए ने कृषि कॉलेज से कनाडिया बायपास तक एलिवेटेड रोड की योजना पर भी विचार किया था। उस समय अधिकारियों ने माना था कि स्कीम-140 पर भविष्य में ट्रैफिक का दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में अब निगम का 150-150 मीटर का नई सर्विस रोड के प्लान से फिलहाल उन जगहों पर राहत देने की कोशिश है, जहां सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है।