| | |

धार से अंतर्राज्यीय ATM कटर गिरोह गिरफ्तार: पुलिस ने 16 KM तक किया पीछा; कर्नाटक से की थी चोरी

धार। कानवन पुलिस टीम ने 16 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा कर अंतर्राज्यीय ATM कटर गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से एक संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो कार और 3.60 लाख की नकदी बरामद की गई है। गिरोह के 3 अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। ड्रोन और ग्रामीणों की मदद से उनकी सर्चिंग की जा रही है।

पुलिस को देखकर भागे आरोपी 
कल रात 01:30 बजे कानवन पुलिस को धार रोड से रतलाम फोरलेन की ओर तेज गति से जाती हुई एक संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो (MH12 XH 5112) दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया और उनकी टीम ने तुरंत डायल 112 (FRV-16) के साथ कार का पीछा किया। छोकला टोल प्लाजा पर घेराबंदी करवाई। पुलिस से घिरता देख कार में सवार 5 आरोपी गाड़ी छोड़कर पास के सोयाबीन के खेतों में भाग गए।

ड्रोन और ग्रामीणों की मदद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने जल्दी से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं, दूसरे आरोपी को ड्रोन कैमरे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाकर खेतों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए साहिल उर्फ दातु खान निवासी धीरणकी, जिला पलवल, हरियाणा व कमरियाब पिता सत्तार निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।

कर्नाटक से चुराया ATM
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हाल ही में कर्नाटक के विजयपुर जिले में ATM मशीन काटकर लाखों रुपये की चोरी की थी। इस संबंध में थाना कुडगी (विजयपुर, कर्नाटक) में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र में किसी अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

इन्होंने निभाई अहम भूमिका 
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार बारिया, उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, कानवन पुलिस टीम तथा डायल 112 के आरक्षक दिलीप जाट और पायलट सुभाष सोलंकी की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस फरार 3 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share