| |

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस : CM यादव ने रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी ली; जवानों के प्रयासों को सराहा

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालिदास अकादमी में होमगार्ड और SDRF की ओर से लगाई गई आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक संसाधनों की जानकारी ली और आपात स्थिति में इनके इस्तेमाल की कार्यप्रणाली भी समझी।

बाढ़ से लेकर सड़क हादसों तक रेस्क्यू की तैयारी
प्रदर्शनी में होमगार्ड और SDRF के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बाढ़, आगजनी, भवन हादसे और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के बारे में बताया। अधिकारियों ने उपकरणों के जरिए राहत और बचाव कार्य को तेजी से पूरा करने की प्रक्रिया भी समझाई।

बताया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में इन आधुनिक संसाधनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाता है। इससे प्रभावित लोगों को जल्द सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और राहत कार्य में मदद मिलती है।

CM ने जवानों के प्रयासों की सराहना की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने के बाद होमगार्ड और एसडीआरएफ के अधिकारियों व जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी बचाव व्यवस्था के लिए पहले से तैयारी जरूरी है।

 

 

Share