|

मप्र के हितार्थ-अदविथ फाइनल में पहुंचे: 14 वर्ष में विहान नवाब को हराया; 12 वर्ष में अदविथ ने महाराष्ट्र के खिलाड़ी को दी मात

इंदौर। मध्य प्रदेश के हितार्थ सुराना ने टाईब्रेकर तक चले दो सेट में अपने ही प्रदेश के विहान नवाब को पराजित कर ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा आयोजित एवं पी.के. फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित विद्या देवी कक्कड़ स्मृति ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट के बालक 14 वर्ष आयु वर्ग के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में उनका सामना महाराष्ट्र के समन्यू जैन से होगा। मध्य प्रदेश के ही अदविथ भार्गव ने भी आसान जीत के साथ बालक 12 वर्ष वर्ग के फाइनल में जगह बनाई है। गुजरात की साहयर्दि चावड़ा बालिका 14 वर्ष में और महाराष्ट्र की माया रसखीना बालिका 12 वर्ष के फाइनल में हैं। प्रतियोगिता के फाइनल शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से खेले जाएंगे।

हितार्थ ने विहान को टाईब्रेकर में हराया
इंदौर टेनिस क्लब में खेली जा रही स्पर्धा के बालक 14 वर्ष आयु वर्ग के एकल सेमीफाइनल में हितार्थ सुराना ने मप्र के ही विहान नवाब को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-6 (6), 7-6 (4) से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में समन्यू जैन ने एकलव्य राजपूत (छत्तीसगढ़) को पहला सेट गंवाने के बाद 3-6, 6-3, 7-5 से हराया।

वेदेही और ऐशवी हारीं
बालिका एकल 14 वर्ष आयु वर्ग में मप्र की चुनौती समाप्त हो गई। सेमीफाइनल में गुजरात की साहयर्दि चावड़ा ने मप्र की वेदेही शर्मा को 6-1, 6-4 से और गुजरात की ही प्रांशी पटेल ने मप्र की ऐशवी जैन को 6-0, 6-0 से पराजित कर अंतिम मुकाबले में प्रवेश किया।

अदविथ की आसान जीत
बालक एकल 12 वर्ष आयु वर्ग में अदविथ भार्गव ने मप्र की चुनौती बरकरार रखी। सेमीफाइनल में अदविथ ने विहान देवधर (महाराष्ट्र) को आसानी से 6-1, 6-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में अदविक विनोथ (महाराष्ट्र) ने कबीर पंचमाटीया (महाराष्ट्र) को 6-1, 6-0 से मात दी। बालिका एकल सेमीफाइनल में माया रसखीना (महाराष्ट्र) ने ऐशवी जैन (मप्र) को 6-4, 6-3 से और अगंहा कदम (महाराष्ट्र) ने दिविना धूपर (मप्र) को 6-3, 6-4 से हराया।

हितार्थ युगल के फाइनल में भी
बालक 14 वर्ष युगल सेमीफाइनल में हितार्थ सुराना-विहान नवाब (मप्र) ने वीर गायकवाड़-समन्यु जैन (महाराष्ट्र) को 6-1, 6-1 से तथा गर्व मालपानी-ओजस मिश्रा (मप्र) ने समरवीर सिंधु-एकलव्य राजपूत को 3-6, 6-3, 10-5 से हराया। बालक 12 वर्ष आयु युगल सेमीफाइनल में अदविथ भार्गव-सौरीश गुप्ता (मप्र) ने अर्जुन बिंद्रा-विहान देवधर को 6-3, 6-7, 10-7 से और ईवान जैन-कबीर लुधानी (महाराष्ट्र) ने मनवीर सिंह-समन्यु शुक्ला (मप्र) को 6-3, 6-1 से हराया। बालिका युगल सेमीफाइनल में आन्या राठी-प्रांशी पटेल (मप्र-गुजरात) ने आयदा नबी-श्रेया मेहता (महाराष्ट्र) को 6-0, 6-1 से तथा अगंहा कदम-अंशिका मोगल (महाराष्ट्र) ने साहयर्दि चावड़ा-अंगया भदौरिया (गुजरात-मप्र) को 6-4, 7-5 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

Share