सिम्का एडवर्टाइजिंग की शेयर बाजार में कमजोर एंट्री, IPO निवेशकों को पहले दिन बड़ा झटका

एडवर्टाइजिंग सर्विसेज देने वाली कंपनी सिम्का एडवर्टाइजिंग ने शेयर बाजार में निराशाजनक शुरुआत की है। कंपनी के शेयरों ने NSE SME प्लेटफॉर्म पर 15 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ एंट्री की, जिससे IPO निवेशकों को पहले ही दिन नुकसान उठाना पड़ा।
कंपनी का IPO 183 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर आया था, लेकिन शुक्रवार को इसकी लिस्टिंग 156 रुपये प्रति शेयर पर हुई। यानी निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही करीब 15 प्रतिशत का नुकसान झेलना पड़ा।
लिस्टिंग के बाद शेयर पर बिकवाली का दबाव बढ़ गया और यह गिरकर 148.20 रुपये के लोअर सर्किट तक पहुंच गया। हालांकि बाद में खरीदारी लौटने से शेयर 163.80 रुपये के अपर सर्किट तक उछला, लेकिन वहां टिक नहीं पाया। दोपहर 1 बजे तक शेयर 162.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो IPO प्राइस से 20.05 रुपये यानी करीब 10.96 प्रतिशत नीचे था।
IPO को मिला था जबरदस्त रिस्पॉन्स
58.04 करोड़ रुपये का सिम्का एडवर्टाइजिंग IPO 8 मई से 12 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। निवेशकों की ओर से इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और यह कुल 80.88 गुना सब्सक्राइब हुआ।
संस्थागत निवेशकों (QIB) के लिए रिजर्व हिस्सा 101.08 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 81.54 गुना, जबकि रिटेल निवेशकों का हिस्सा 70.90 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
IPO के तहत कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 31.71 लाख नए शेयर जारी किए। जुटाई गई राशि का उपयोग LED स्क्रीन खरीदने, इंस्टॉलेशन, वर्किंग कैपिटल जरूरतों और कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी?
कंपनी द्वारा SEBI के पास जमा ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1.57 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में 5.78 करोड़ रुपये और 2024-25 में बढ़कर 9.98 करोड़ रुपये हो गया। वहीं 2025-26 (अप्रैल-दिसंबर) तक कंपनी 10.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज कर चुकी थी।
राजस्व (Revenue) में भी लगातार वृद्धि हुई। कंपनी का राजस्व 2022-23 में 11.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 75.09 करोड़ रुपये पहुंच गया। अप्रैल-दिसंबर 2025 तक यह आंकड़ा 78.16 करोड़ रुपये हो चुका था।
कंपनी फिलहाल पूरी तरह कर्ज मुक्त है। पहले 2024-25 में 28 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे अब चुका दिया गया है। इसके अलावा कंपनी का रिजर्व और सरप्लस तथा EBITDA भी लगातार मजबूत हुआ है।
हालांकि मजबूत सब्सक्रिप्शन और बेहतर वित्तीय प्रदर्शन के बावजूद शेयर की कमजोर लिस्टिंग ने निवेशकों को निराश किया है, जिससे SME IPO बाजार में निवेशकों की सतर्कता बढ़ सकती है।





