|

एमरल्ड हाइट्स की जीत से शुरुआत: आईपीएससी टेबल टेनिस में मेजबान ने 2 मुकाबले जीते; अंडर-14 और अंडर-17 में दर्ज की जीत

इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स ने महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर को 3-0 से पराजित कर द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर की मेजबानी में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी टेबल टेनिस टूर्नामेंट के बालिका अंडर-14 वर्ग में जीत से अपने अभियान की शुरुआत की। लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से खेली जा रही प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 तथा बालक वर्ग में अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं।

अंडर-14 में एमरल्ड हाइट्स की लगातार दो जीत
अंडर-14 बालिका वर्ग में एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने पहले मुकाबले में महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर को एकतरफा अंदाज में 3-0 से पराजित किया। मेजबान टीम की ओर से दिशा रघुवंशी, दिशा बुलचंदानी एवं मान्या सिंघल ने प्रतिनिधित्व किया।

लीग के दूसरे मुकाबले में भी एमरल्ड हाइट्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, दिल्ली को 3-2 से शिकस्त दी। दिशा रघुवंशी ने अमायरा अग्रवाल को 3-1, जबकि दिशा बुलचंदानी ने सनाया कोचर को 3-0 से हराया। मॉडर्न स्कूल की जप्नूर कौर ने आरवी मेहता को 3-0 और अमायरा अग्रवाल ने दिशा बुलचंदानी को 3-0 से हराकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक मुकाबले में दिशा रघुवंशी ने सनाया कोचर को 3-0 से हराकर एमरल्ड हाइट्स को जीत दिलाई।

कित्तूर रानी चन्नम्मा ने डेली कॉलेज को हराया
अन्य मुकाबलों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 3-0, पाइनग्रोव स्कूल ने राजकुमार कॉलेज को 3-0, वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय को 3-0 तथा डेली कॉलेज ने महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल को 3-0 से हराया। कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय ने डेली कॉलेज को 3-0, वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने मॉडर्न स्कूल को 3-1 तथा मॉडर्न स्कूल ने डेली कॉलेज को 3-2 से पराजित किया।

अंडर-17 में वेल्हम को मिली जीत
अंडर-17 बालिका वर्ग के लीग मुकाबलों में कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय ने डेली कॉलेज को 3-0 तथा वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने मॉडर्न स्कूल को 3-0 से पराजित किया।

अंडर-19 में एमरल्ड हाइट्स की जीत
अंडर-19 बालिका वर्ग में एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर को 3-0 से हराया। अन्य मुकाबलों में महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल ने डेली कॉलेज को 3-0, वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने मॉडर्न स्कूल को 3-0 तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल ने कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय को 3-2 से हराया। कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय ने मॉडर्न स्कूल को 3-2 से पराजित किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में भी मेजबान जीता
अंडर-17 बालक वर्ग के लीग मुकाबले में द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने राजकुमार कॉलेज को 3-1 से शिकस्त दी। स्पर्धा का शुभारंभ एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान एवं संजय मिश्रा मौजूद थे।

Share