सर्राफा बाजार में चांदी लुढ़की: दिल्ली में 2.5 लाख से नीचे पहुंचा भाव

सर्राफा बाजार में आज चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। हाजिर चांदी 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूटकर 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई, जिससे यह 2.5 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गई है।
देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी चांदी के दाम में गिरावट दर्ज की गई है। मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,49,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। वहीं जयपुर, सूरत और पुणे में इसका भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम बना हुआ है।
दक्षिण भारत में बेंगलुरु में चांदी 2,50,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है, जबकि पटना और भुवनेश्वर में यह 2,49,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है।
हालांकि हैदराबाद में चांदी में 8,600 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट के बाद भी कीमत 2,69,800 रुपये प्रति किलोग्राम बनी हुई है। वहीं चेन्नई में चांदी 8,900 रुपये सस्ती होकर 2,70,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है, जो आज भी देश में सबसे अधिक स्तर है।
मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण चांदी की औद्योगिक मांग में कमी आई है, जिससे कीमतों में गिरावट का रुख बना हुआ है। उनका कहना है कि जब तक क्षेत्र में अस्थिरता बनी रहेगी, तब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में स्पष्ट तेजी की संभावना कम है।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे ही पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होंगे और औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी, चांदी की मांग बढ़ेगी। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ घरेलू सर्राफा बाजार में भी तेजी के रूप में देखने को मिल सकता है।






