रायसेन। जिला जेल में बुधवार सुबह हत्या के मामले में बंद विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी को गोली मार दी। घटना सुबह 9 बजे की है। गोली प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को लगी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से भोपाल एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कैदी नीलेश ठाकुर जेल का गेट खुलवाकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने देसी कट्टे से प्रहरी पर फायर कर दिया। गोली लगने के बाद जेल कर्मचारियों ने घायल प्रहरी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
फेफड़े के पास फंसी गोली
जिला अस्पताल के डॉक्टर अभिषेक सागर ने बताया कि प्रहरी की पीठ के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। एक्स-रे में गोली फेफड़े के निचले हिस्से के पास दिखाई दी। फेफड़े में पानी जमा होना शुरू हो गया था। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल एम्स रेफर किया गया।
फल की टोकरी लेकर गेट तक पहुंचा था कैदी
बताया जा रहा है कि जेल में बुधवार को स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम के लिए कैदी फल की टोकरी लेकर जेल गेट तक पहुंचा था। इसी दौरान उसने प्रहरी पर गोली चला दी। हालांकि, घटना की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
कैदी का आपराधिक रिकॉर्ड
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के अनुसार, आरोपी नीलेश ठाकुर के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और हत्या से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। वह आपराधिक रिकॉर्ड वाला आरोपी है और वर्तमान में जेल में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था।
जेल में कट्टा पहुंचने पर सवाल
घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल के अंदर कैदी तक देसी कट्टा कैसे पहुंचा। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।