उमरिया के पनपथा में खेतों में घुसे हाथी: 4 किसानों की धान की फसल बर्बाद; सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के करीब पनपथा क्षेत्र में हाथी के उत्पात से किसान परेशान हैं। हाथी ने रात के समय खेतों में पहुंचकर कई किसानों की खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार हाथी की आवाजाही से ग्रामीणों में डर का माहौल भी बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 9 बजे एक हाथी पनपथा क्षेत्र के मंझौली गांव में पहुंचा। यहां उसने किसान रामचरण सिंह के खेत में घुसकर खड़ी धान की फसल को रौंद दिया। इसके बाद करीब 11 बजे हाथी मंझौली से लगे पनपथा गांव पहुंच गया।
पनपथा गांव में भी हाथी ने कई किसानों के खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हाथी ने किसान कन्हैया महोबिया, रामकिशोर सिंह और अर्जुन सिंह की खड़ी धान की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इन किसानों के खेत एक-दूसरे से सटे हुए हैं।
लगातार विचरण से किसानों की बढ़ी चिंता
हाथी के लगातार गांव और खेतों के आसपास विचरण करने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल तैयार होने के समय हुए नुकसान से किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय हाथी की आवाजाही के कारण खेतों की ओर जाने में भी डर बना रहता है। फसल बचाने के साथ ही ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा की भी चिंता सता रही है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही के बीच ग्रामीण हाथी की निगरानी और फसल को बचाने के लिए प्रभावी इंतजाम की मांग कर रहे हैं।