MP के पूर्व MLA संजय शर्मा के ठिकानों में ED की रेड: 14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई; सॉफ्टवेयर से फर्जी टोल वसूली के आरोप

नरसिंहपुर। NHAI टोल प्लाजा पर फर्जी टोल वसूली के मामले में ED ने बुधवार को देशभर में एक साथ कार्रवाई की। इसी के तहत मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शर्मा से जुड़े ठिकानों पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी।
ईडी की टीम दिल्ली से नरसिंहपुर पहुंची है। अधिकारियों ने हाईवे स्थित कार्यालय के साथ तेंदूखेड़ा और देवरी स्थित कार्यालयों पर भी कार्रवाई की।
टीम द्वारा कार्यालयों में दस्तावेज। वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
पूर्व विधायक की कंपनी से जुड़ा है मामला
ईडी की कार्रवाई नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर टोल वसूली से जुड़ी है। इस मार्ग पर टोल वसूली का काम पूर्व विधायक संजय शर्मा की कंपनी से जुड़ा है। संजय शर्मा तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रह चुके हैं। हालांकि, नरसिंहपुर में की जा रही कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। इसलिए छापेमारी में सामने आए दस्तावेज और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई
ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीमों ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 17 के तहत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, NCR और कोलकाता सहित 14 राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया है। इस कार्रवाई का संबंध NHAI के टोल प्लाजा पर कथित फर्जीवाड़े और अवैध रूप से रकम डायवर्ट किए जाने की जांच से बताया जा रहा है।
सॉफ्टवेयर से निकालते थे फर्जी टोल रसीद
जांच के अनुसार टोल वसूली में कथित तौर पर अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इस सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी टोल रसीदें तैयार की जाती थीं और वसूली गई रकम को NHAI के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम में दर्ज करने के बजाय कथित रूप से बाहर डायवर्ट किया जाता था। ईडी इस कार्रवाई के जरिए फर्जीवाड़े से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े थे और कथित तौर पर अवैध रूप से हासिल रकम किन लोगों या संस्थाओं तक पहुंची।