इंदौर में मानसूनी बारिश का ब्रेक: वार्षिक कोटे से 18 इंच पीछे शहर; अगले 5 दिन हल्की-मध्यम बारिश के आसार

इंदौर। मालवा-निमाड़ में मानसून सक्रिय होने के बावजूद बारिश का दौर कमजोर बना हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने के बाद भी पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है। इंदौर में 1 जून से अब तक करीब 18 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो वार्षिक बारिश के कोटे से काफी कम है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आनंद कुमार हरसाना के अनुसार, इस साल पहले से ही सामान्य वर्षों की तुलना में कम बारिश का अनुमान जताया गया था। मौजूदा स्थिति भी इसी अनुमान के अनुरूप दिखाई दे रही है। मानसूनी सिस्टम कमजोर होने के कारण कई बार बादल बन रहे हैं, लेकिन अपेक्षित बारिश नहीं हो रही है।
तापमान 28 डिग्री के आसपास
इंदौर में इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम में नमी होने के कारण उमस महसूस हो रही है। आने वाले पांच दिनों में हल्की और मध्यम बारिश के आसार हैं।

किसानों को सिंचाई की सलाह
डॉ. हरसाना ने किसानों को सलाह दी है कि यदि बारिश का दौर लंबे समय तक खिंचता है तो खेतों में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सिंचाई की व्यवस्था करें, ताकि फसल को नुकसान न हो। बारिश की कमी से सोयाबीन सहित अन्य फसलों पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि फसल में कीट-पतंगों का प्रकोप दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार दवाओं का छिड़काव किया जा सकता है। इससे फसल को कीटों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।