| |

पीथमपुर में BJP जिला अध्यक्ष को 6 हजार बहनों ने बांधी राखी: बहनों को मिले उपहार; 6 घंटे चला कार्यक्रम

पीथमपुर। नगर के कंचन श्री गार्डन में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीथमपुर क्षेत्र की 6 हजार से अधिक बहनों ने शामिल होकर भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती को रक्षासूत्र बांधा। सुबह 11 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चला।

समारोह में बड़ी संख्या में बहनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रक्षासूत्र बांधने के दौरान भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल नजर आया। आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंची बहनों के लिए भोजन और उपहार की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।

बहनों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक बताया। उन्होंने पीथमपुर क्षेत्र की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी बहनें हमेशा सुखी और प्रसन्न रहें। उनके जीवन से हर दुख और संकट दूर हो तथा उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी हों।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

राखी बांधने के बाद बांटें उपहार
रक्षासूत्र बांधने के बाद आयोजन समिति की ओर से बहनों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। इसके साथ ही सभी बहनों को उपहार भी भेंट किए गए। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी के कारण पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

Share