सैंधवा में भाजपा जिला बैठक: हर बूथ तक पहुंचेगी ‘मन की बात’; 18 अगस्त से समरसता संकल्प अभियान

बड़वानी। भारतीय जनता पार्टी की जिला मासिक बैठक बुधवार को सैंधवा के एक निजी मैरेज गार्डन में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
भारत माता के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि अतिथियों ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों का पूजन कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद बैठक का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
जिला अध्यक्ष बोले- हर कार्यकर्ता बूथ तक पहुंचाए पार्टी के कार्यक्रम
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जमीन पर उतारा जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जिले के लगभग हर बूथ तक पहुंचाने को प्राथमिकता बताया।

संगठन को परिणाम में बदलने के लिए सतर्क रहना जरूरी: सुरेंद्र शर्मा
मुख्य अतिथि निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि माहौल बनाना आसान है, लेकिन उसे परिणाम में बदलने के लिए संगठन, कार्यकर्ता और पूरी कार्यप्रणाली को लगातार सक्रिय और सतर्क रहना होगा।
उन्होंने कहा, “दीपक बिना ज्योति के केवल मिट्टी का बर्तन है, उसी प्रकार कार्यकर्ता को भी समाज में प्रकाश फैलाने वाली ज्योति बनना होगा।” वन-टू-वन चर्चा में उन्होंने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान को सफल बनाने के लिए हर बूथ पर ‘मन की बात’ सुनने और साझा करने पर जोर दिया।
18 अगस्त से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान
विशेष अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी और जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। डॉ. सोलंकी ने बताया कि संत रविदास जयंती के अवसर पर 18 अगस्त से प्रदेशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सभी समाजों को एक सूत्र में जोड़ना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
हर घर तिरंगा अभियान के दूसरे चरण की तैयारी
तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री विकास आर्य ने जिलेभर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अब दूसरे चरण में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत प्रत्येक बूथ तक तिरंगा पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। बैठक का संचालन जिला महामंत्री सचिन चौहान ने किया, जबकि आभार जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह ने व्यक्त किया।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी, भाजपा नेता अंतर सिंह पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।