धार में 52 किलो एनालॉग पनीर जब्त: गुजरात से बस में आया था 30 किलो पनीर; होटल-रेस्टोरेंट में होती थी सप्लाई

धार। जिले में दूध, घी और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के साथ प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 52 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार 340 रुपए बताई गई है।
मनावर में 15 किलो, धूलसर में 7 किलो पनीर जब्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रामगोपाल मऊटा और सुभाष खेड़कर ने पीथमपुर की सांवरिया दूध डेयरी से पनीर और घी, जबकि गिरनार डेयरी से दूध और चॉकलेट बर्फी के सैंपल लिए। ग्राम देवगढ़ स्थित सार्थ मिल्क प्रोसेसर से दूध और घी तथा मनावर की शुभम दूध डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया।
यहां एनालॉग पनीर की आशंका में करीब 15 किलो पनीर, जिसकी कीमत 5 हजार 400 रुपए है, जब्त किया गया।
ग्राम धूलसर की कावेरी दूध डेयरी के संचालक द्वारा पनीर की सप्लाई किए जाने की जानकारी पर पनीर का नमूना लिया गया। यहां से भी एनालॉग पनीर की आशंका में करीब 7 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 हजार 540 रुपए है।

कुक्षी बस स्टैंड पर गुजरात से आया 30 किलो पनीर पकड़ा
कुक्षी बस स्टैंड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुजरात से बस के जरिए आए संतुष्टि लो फैट पनीर की जांच की। टीम ने करीब 30 किलो एनालॉग पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार 400 रुपए है, जब्त किया। साथ ही लो फैट पनीर के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए। जांच में सामने आया कि यह पनीर राधे डेयरी, धनगर मोहल्ला सुसारी, कुक्षी के संचालक द्वारा विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में सप्लाई किया जाता था।
घी और मिठाइयों के भी सैंपल लिए
कुक्षी क्षेत्र की ग्वाला डेयरी से दूध, कंचन श्री घी, मिल्क केक और पेड़ा के नमूने लिए गए। वहीं शिव किराना, कुक्षी से प्योराश्योर देशी घी के पैक का नमूना लेने के साथ शेष 100 मिलीलीटर मात्रा के 29 पैक जब्त किए गए।
पूरी कार्रवाई में दूध के 3, घी के 4, पनीर के 5 और मिठाई के 3, कुल 15 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों और प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।