झाबुआ में स्कूल बस का ब्रेक फेल: 300 मीटर पीछे लुढ़की, क्षमता से अधिक बच्चे सवार; इमरजेंसी गेट के पास भी लगी थी सीट

झाबुआ । राणापुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरस्वती ज्ञान मंदिर की स्कूल बस (MP.45.P.0286) के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस करीब 300 मीटर पीछे लुढ़कते हुए सुभाष मार्ग तक पहुंच गई। गनीमत रही कि बस के पीछे कोई वाहन या राहगीर नहीं था और चढ़ाई आने से बस रुक गई।
घटना सुबह करीब 8:45 बजे कुम्हार मोहल्ला के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अनियंत्रित होते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन बस पीछे की ओर खिसकती चली गई। बस रुकने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत टायरों के नीचे पत्थर लगाकर उसे सुरक्षित किया।

जांच में सामने आई लापरवाही
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। इतना ही नहीं, इमरजेंसी गेट के पास भी अतिरिक्त सीट लगा दी गई थी, जो सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है।
पैदल स्कूल पहुंचे बच्चे
घटना के बाद बच्चों को बस से उतार दिया गया। कई बच्चे पैदल ही स्कूल पहुंचे। करीब दो घंटे तक बस की मरम्मत की गई, जिसके बाद उसे वहां से रवाना किया गया।
अभिभावकों में नाराजगी
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को बसों की नियमित फिटनेस जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।