| | | | | | |

धार में 1.85 लाख बच्चें पुरानी यूनिफॉर्म में मनाएंगे 15 अगस्त: सरकारी स्कूलों में अब तक नहीं बंटी नई ड्रेस; डीपीसी बोले- कब मिलेगा पता नहीं

धार। नया शिक्षा सत्र शुरू हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन धार जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1 लाख 85 हजार विद्यार्थियों को अब तक नई स्कूल यूनिफॉर्म नहीं मिली है।

शासन ने इस वर्ष विद्यार्थियों के खातों में राशि भेजने के बजाय रेडिमेड यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था, लेकिन स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण वितरण प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पाई है।

स्थिति यह है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी जिले के हजारों बच्चे पुरानी यूनिफॉर्म या सामान्य कपड़ों में स्कूल पहुंचेंगे। कई स्कूलों में शिक्षकों ने बच्चों को एक दिन पहले सिविल ड्रेस में बुलाकर पुरानी यूनिफॉर्म धुलवाने की व्यवस्था की, ताकि राष्ट्रीय पर्व पर बच्चे कुछ हद तक एक जैसी ड्रेस में दिखाई दें।

पहले खातों में आते थे 600 रुपए
पिछले वर्षों 2022-23 से 2024-25 तक पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के खातों में दो यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपए की राशि भेजी जाती थी। अभिभावक उसी राशि से बच्चों की ड्रेस खरीदते थे। पिछले वर्ष यह राशि अगस्त के अंत तक खातों में पहुंच गई थी।

इस बार सरकार ने व्यवस्था बदलते हुए विद्यार्थियों को सीधे तैयार (रेडिमेड) यूनिफॉर्म देने का फैसला किया। लेकिन नई प्रक्रिया लागू होने के बाद जमीनी स्तर पर असमंजस की स्थिति बन गई है। जिला अधिकारियों के पास भी फिलहाल यह स्पष्ट जानकारी नहीं है कि बच्चों को यूनिफॉर्म कब तक मिल पाएगी।

2,330 प्राथमिक और 816 मिडिल स्कूल
धार जिले में यूनिफॉर्म योजना के अंतर्गत आने वाले कुल 3,146 सरकारी स्कूल हैं। इनमें 2,330 प्राथमिक और 816 मिडिल स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में अध्ययनरत लगभग 1.85 लाख पात्र विद्यार्थी लंबे समय से नई ड्रेस का इंतजार कर रहे हैं।

डीपीसी बोले- जानकारी भेज दी गई है
जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) अभिषेक यादव ने बताया- शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की जानकारी लोक शिक्षण संचालनालय को भेज दी गई है। जिला स्तर की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है और अब आगे की कार्रवाई शासन से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर होगी। उन्होंने कहा- इस बार विद्यार्थियों को रेडिमेड यूनिफॉर्म ही प्रदान की जाएगी, लेकिन वितरण को लेकर अभी तक स्पष्ट आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर फीका रहेगा उत्साह
हर साल स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए नई यूनिफॉर्म आकर्षण का केंद्र रहती थी। इस बार नई ड्रेस नहीं मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में निराशा है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यदि जल्द निर्देश नहीं मिले, तो नई यूनिफॉर्म का वितरण और अधिक समय तक अटक सकता है।

Share