| |

इंदौर में अब तक सामान्य से कम बारिश: 10 अगस्त से सिर्फ 2 इंच पानी गिरा; हल्की से मध्यम बारिश के आसार

इंदौर। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। आसमान में बादल छाए रहते हैं और बारिश का माहौल भी बनता है, लेकिन इंदौर जिले में अपेक्षित वर्षा नहीं हो पा रही है। कृषि महाविद्यालय इंदौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आनंद कुमार हरसाना ने बताया कि मध्य प्रदेश से गुजर रही टर्फ लाइन के कारण मानसूनी परिस्थितियां बनी हुई हैं, लेकिन जिले में बादल बनने के बावजूद पर्याप्त वर्षा नहीं हो रही।

 

सामान्य से कम रही अब तक की बारिश
डॉ. हरसाना के अनुसार 10 अगस्त से अब तक केवल लगभग 2 इंच बारिश दर्ज की गई है। वहीं जिले में अब तक कुल 17 से 18 इंच वर्षा हुई है, जबकि इस समय तक सामान्य रूप से 20 से 21 इंच से अधिक बारिश हो जानी चाहिए थी।

तापमान में नमी का असर
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बादल छाए रहने से उमस और नमी का प्रभाव महसूस किया जा रहा है।

किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को सलाह दी है कि लगातार बादल छाए रहने और अचानक तेज बारिश की स्थिति को देखते हुए खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें। यदि खेतों में पानी जमा होता है तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि फसलों पर कीट-पतंगों का प्रकोप दिखाई देने पर समय पर दवाइयों का छिड़काव करना चाहिए, ताकि फसल सुरक्षित रहे।

अगले कुछ दिनों का अनुमान
डॉ. आनंद कुमार हरसाना ने बताया कि आने वाले दिनों में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फिलहाल अत्यधिक या व्यापक भारी बारिश के संकेत नहीं हैं।

 

Share