|

वीर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती: समाज भवन के लिए 5-5 लाख की घोषणा ; राम राठौर की NEET में 29वीं रैंक पर सम्मान

आलीराजपुर । वीर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती पर आलीराजपुर और जोबट में राठौड़ समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोहों में वीर दुर्गादास के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रमों में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

आलीराजपुर में प्रतिमा स्थापना के लिए 5 लाख की घोषणा
आलीराजपुर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि वीर दुर्गादास राठौड़ जैसे महान योद्धा देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। राठौड़ समाज की लंबे समय से चली आ रही वीर दुर्गादास जी की प्रतिमा स्थापना की मांग पर महेश पटेल ने 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने प्रतिमा स्थापना में पटेल परिवार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

96% और NEET में 29वीं रैंक लाने वाले राम राठौर का सम्मान
कार्यक्रम में राठौड़ समाज के प्रतिभाशाली छात्र राम राठौर का सम्मान किया गया। राम ने CBSE परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं तथा NEET परीक्षा में देशभर में 29वीं रैंक हासिल कर आलीराजपुर जिले और समाज का नाम रोशन किया है।

जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने राम राठौर को बधाई देते हुए उनकी एक वर्ष की फीस स्वयं वहन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राम आगे चलकर डॉक्टर बनें और जिले की सेवा करें, यही उनकी शुभकामना है।

जोबट में प्रतिमा अनावरण और समाज भवन के लिए सहायता
आलीराजपुर कार्यक्रम के बाद विधायक सेना महेश पटेल जोबट पहुंचीं, जहां वीर दुर्गादास राठौड़ जयंती एवं प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित किया गया। विधायक ने वीर दुर्गादास जी की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए इतिहास और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद, टंट्या मामा, रानी लक्ष्मीबाई और देवी अहिल्याबाई होलकर सहित अनेक महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि सभी ने देश को सर्वोपरि रखा।

समाज भवन निर्माण के लिए 5 लाख देने का ऐलान
जोबट में राठौड़ समाज ने समाज भवन निर्माण सहित विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक सेना महेश पटेल ने समाज भवन के लिए 5 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि समाज भवन का निर्माण कराया जाएगा और आगे आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे किसी एक समाज नहीं, बल्कि सभी समाजों के लिए समान रूप से कार्य करती हैं और जो भी समाज अपनी समस्या लेकर आता है, उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाता है।

 

 

 

इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का आह्वान
विधायक ने नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि माता-पिता और परिवार की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को अपने पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी दें, ताकि आने वाली पीढ़ी इतिहास और संस्कारों से जुड़ी रहे।

उन्होंने कहा कि जोबट क्षेत्र की जनता की आवाज को वे भोपाल तक मजबूती से उठाती रहेंगी और क्षेत्र के विकास तथा समाजहित के कार्यों के लिए आगे भी तत्पर रहेंगी।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
कार्यक्रमों में राठौड़ समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाजजनों ने वीर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों तथा समाज भवन के लिए की गई 5 लाख रुपए की घोषणा का स्वागत किया।

समाजजनों ने कहा कि वीर दुर्गादास राठौड़ की वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही जयंती समारोह का वास्तविक उद्देश्य है।

Share