ड्रग्स तस्करी की जांच से ऑनलाइन सट्टे तक पहुंची पुलिस: 3 और आरोपी गिरफ्तार; नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी

इंदौर। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे और गैंबलिंग के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, उससे जुड़े लोगों और आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
ड्रग्स तस्करी की जांच में खुला ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क
दरअसल, मामले की शुरुआत एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण की जांच से हुई थी। पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ सप्लाई से जुड़े कुछ नाम सामने आए।
इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। जांच के दौरान जमीन की धोखाधड़ी के साथ ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टे के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ। इसके आधार पर धोखाधड़ी और गैंबलिंग एक्ट की धाराओं में अलग प्रकरण दर्ज किया गया।
पहले 6 आरोपी पकड़े, अब 3 और गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान पहले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीन और आरोपियों तक पुलिस पहुंची।
पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग में बड़े पैमाने पर रकम लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति द्वारा पिछले कुछ वर्षों में करीब 1 करोड़ रुपए ऑनलाइन गेमिंग में लगाए जाने की बात भी सामने आई है।
आर्थिक लेनदेन और पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े लोगों, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।