| | |

नांदेड़ में पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर हमला: निहंग ने कृपाण से किया अटैक; पुलिसकर्मी भी घायल

महाराष्ट्र। नांदेड़ में पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि एक निहंग ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया है। उनके हाथ में चोट आई है। हमले के दौरान उनका सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया है। घटना गुरुद्वारा माता साहिब कौर की है।

सुखबीर बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर हमला हुआ था। उस दौरान एक हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए थे। अब करीब 8 महीने बाद नांदेड़ में फिर उन पर हमला हुआ है।

सुखबीर सिंह बादल परिवार के साथ नांदेड़ पहुंचे थे। वे गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद उन्हें यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ SP से बात कर सुखबीर बादल पर हुए हमले की जांच के निर्देश दिए। हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमले के दौरान बादल के सुरक्षाकर्मी संतोष हेगड़े भी घायल हुए। पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटा रही है। दावा किया जा रहा है कि दस्तार पहन रहा निहंग ही सुखबीर बादल का हमलावर है। उसे पुलिस हिरासत में ले गई है।

सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पकड़ा
हमले के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक हमले की वजह सामने नहीं आई है।

बादल के हाथ में आई चोट
हमले में सुखबीर बादल के हाथ पर चोट आई है। मेडिकल जांच और इलाज कराया जा रहा है। इधर धार्मिक स्थल में एक बड़े राजनीतिक नेता पर हमला होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब घटना की पूरी जांच कर रही है। CCTV फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना के बाद एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक निहंग को दूसरे निहंग दस्तार बांधते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इसमें जिस निहंग को दस्तार बांधी जा रही है, इसी ने सुखबीर बादल पर हमला किया था। मौके पर एक पुलिसवाला भी मौजूद है, जो बाद में इसे पकड़कर ले जाता है।

अकाली दल ने साजिश का लगाया आरोप
अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा- सुखबीर बादल पूरी तरह स्वस्थ हैं। पुलिस जांच में पता चलेगा कि हमलावर कौन है और उसने किसके कहने पर हमला किया। कलेर ने इसके पीछे सिख धर्म विरोधी ताकतों की साजिश की आशंका जताई।

सच्चा सिख हमला नहीं कर सकता
अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा- गुरुद्वारा सभी की भलाई के लिए अरदास करने की जगह है। उनके मुताबिक, सच्चा सिख गुरुद्वारे में आए किसी व्यक्ति पर हमला नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से गुरुद्वारे की मर्यादा और सिख समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचता है।

सुखबीर बादल पर पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर एक हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी।

उस समय बादल धार्मिक सजा के तहत स्वर्ण मंदिर के बाहर सेवादार की भूमिका में बैठे थे। हमलावर ने उन पर गोली चलाई, लेकिन गोली उन्हें नहीं लगी। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया था।

हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौरा के रूप में हुई थी। घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इस हमले में सुखबीर बादल सुरक्षित बच गए थे।

Share