आरबीआई के हस्तक्षेप से संभला रुपया, डॉलर-यूरो-पौंड के मुकाबले दिखी मजबूती

Reserve Bank of India (आरबीआई) के नीतिगत हस्तक्षेप के बाद भारतीय मुद्रा रुपये में जोरदार सुधार देखने को मिला। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 1.22 रुपये की मजबूती के साथ 93.59 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले कारोबारी सत्र के 94.81 रुपये के स्तर से बेहतर है।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को रुपया गिरकर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 94.85 प्रति डॉलर तक पहुंच गया था। हालांकि आज शुरुआती कारोबार में ही यह 93.55 के स्तर तक मजबूत हुआ, जिससे लो स्तर से करीब 1.30 रुपये की रिकवरी दर्ज की गई।

हालांकि, कारोबार बढ़ने के साथ रुपये में फिर कुछ कमजोरी आई और सुबह 10:30 बजे तक यह 94.30 प्रति डॉलर के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया। इसके बावजूद रुपये ने अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले मजबूती बनाए रखी।

ब्रिटिश पौंड के मुकाबले रुपया 1.05 रुपये मजबूत होकर 125.07 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि यूरो के मुकाबले 63.97 पैसे की बढ़त के साथ 108.56 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आरबीआई द्वारा डॉलर-रुपया ट्रेड में सट्टेबाजी पर रोक लगाने और ऑनशोर मार्केट में नेट डॉलर पोजीशन को सीमित करने के निर्देश के कारण रुपये को मजबूती मिली है।

केंद्रीय बैंक ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे 10 अप्रैल तक अपनी नेट डॉलर-रुपया पोजीशन को 10 करोड़ डॉलर तक सीमित रखें। इससे डॉलर की मांग बढ़ने के बावजूद रुपये पर दबाव कम होने की संभावना है और मुद्रा को स्थिरता मिल सकती है।

Share

Similar Posts