रीवा में टमस नदी में युवक के कूदने की सूचना: पुल के पास मिली लावारिस बाइक; तेज बहाव में तलाश जारी

रीवा। सेमरिया थाना क्षेत्र के बसामन मामा स्थित बड़े पुल के पास रविवार को उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब एक युवक के टमस नदी में कूदने की सूचना मिली। खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुल के किनारे एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली।
पुल के पास मिली बाइक से युवक की पहचान
मोटरसाइकिल के आधार पर नदी में कूदने वाले युवक की पहचान जितेंद्र यादव, पिता राम बहादुर यादव, निवासी ग्राम महरड़ा के जरमोहरा के रूप में बताई जा रही है। बाइक मिलने के बाद युवक के नदी में कूदने की आशंका जताई गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास शुरू किया।

तेज बहाव में तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और टमस नदी में युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल युवक के नदी में कूदने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रेस्क्यू और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।