| |

उज्जैन में 2 घंटे में 3 घरों में चोरी: सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए बदमाश; CCTV में दिखें 4 बदमाश

उज्जैन। शनिवार देर रात चोरों ने मोतीबाग कॉलोनी में धावा बोल दिया। दो घंटे में तीन सूने मकानों के ताले तोड़ दिए। बदमाश घरों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और कीमती सामान ले गए। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले हैं। इसमें चार संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

तीन घरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार नेहा-अमित मिश्रा और सबिता-आनंद ठाकुर के परिवार बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने तीनों घरों के ताले तोड़े। इसके बाद अंदर रखी अलमारियों और तिजोरियों को खंगाला। वहां से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि एक मकान से करीब 10 लाख रुपए का सामान चोरी हुआ है। दूसरे मकान से करीब 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले जाने की जानकारी है। चोर चांदी की भगवान की प्रतिमाएं और थालियां भी ले गए। हालांकि चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

मकान मालिक घर पहुंचने पर पता चला
एक मकान मालिक तड़के करीब 4 बजे घर पहुंचा। मुख्य गेट खुला मिला। कमरों के ताले टूटे हुए थे। घर का सामान भी बिखरा मिला। घर में चोरी होने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

CCTV में चार बदमाश 
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें करीब चार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं। संदिग्ध वारदात से पहले कॉलोनी की गलियों में घूमते नजर आए। चोरी के बाद भी उन्हें वहां से जाते देखा गया। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर रही है।

एक रात में तीन चोरी से दहशत
एक ही रात में तीन सूने मकानों के ताले टूटने से कॉलोनी के रहवासी दहशत में हैं। रहवासियों ने रात की पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। नानाखेड़ा पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share