| | | |

14 साल बाद ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक: शिवराज-सिंधिया समेत 350 नेता जुटे; 2028-29 चुनाव पर मंथन

निवाड़ी। जिले के ओरछा में रविवार सुबह 10 बजे से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गई। करीब 14 साल बाद ओरछा में यह बैठक हो रही है। इसमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ करीब 350 प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक होटल राजमहल में आयोजित की जा रही है। प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्य भी इसमें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चित्रकूट से ओरछा पहुंचे हैं।

शिवराज-सिंधिया समेत कई नेता पहुंचे
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण सिंह, वीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा और रामेश्वर शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता ओरछा पहुंच चुके हैं। नेताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के लिए रामराजा सरकार की नगरी से पवित्र स्थान कोई और नहीं हो सकता।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रामराजा सरकार के चरणों में आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम यहां भगवान के साथ राजा भी हैं। रामराज्य की स्थापना भाजपा का लक्ष्य है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कार्यसमिति के लिए ओरछा आना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बैठक से आने वाले समय के लिए नीतिगत फैसलों और कार्यशैली को बेहतर बनाने की दिशा में परिणाम निकलेंगे।

नरोत्तम बोले- गुटबाजी की चर्चाएं काल्पनिक
पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा में गुटबाजी और बदलाव की चर्चाओं को काल्पनिक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में काम कर रही है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही।

बूथ सशक्तिकरण और चुनावी तैयारियों पर फोकस
बैठक में संगठन को मजबूत करने और बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा होगी। संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में मिशन 2028 और 2029 की चुनावी तैयारियों पर विशेष फोकस रहेगा।

पार्टी की जमीनी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार किया जाएगा। ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प पर भी चर्चा होगी। ‘समरसता का संकल्प’ विषय पर समाज के सभी वर्गों को संगठन और सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर मंथन किया जाएगा।

‘मन की बात’ कार्यक्रम सामूहिकता के साथ सुना
कार्यसमिति के पहले दिन ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। सुबह 11 बजे सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रात में वरिष्ठ नेताओं और अतिथियों के रामराजा सरकार के दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है।

31 अगस्त को होगी कार्यशाला
31 अगस्त को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला होगी। इसमें सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। आगे की रणनीति भी तय की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

Share