| |

रीवा में SSK विद्या मंदिर स्कूल में तिरंगा रैली: भारत माता की जय के नारों से गूंजा परिसर; दिखा देशप्रेम और अनुशासन

रीवा। S.S.K. विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल पताई में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में मार्च किया तथा देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

देशभक्ति के नारों से गूंजा वातावरण
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी रैली में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी का संदेश
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, तिरंगे के प्रति सम्मान, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। बच्चों को बताया गया कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की शान, सम्मान और गौरव का प्रतीक है।

शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी जोर
विद्यालय प्रबंधन ने कहा- S.S.K. विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल पताई बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
रैली में विद्यालय के सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में पूरे समय देशभक्ति का वातावरण बना रहा।

Share