रीवा में शादी के 24 घंटे बाद दुल्हन की मौत: शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान; पति पर हत्या का आरोप

रीवा। जिले के संजय गांधी अस्पताल से एक बेहद ही सनसनी खेज मामला सामने आया है, जहां ससुराल पहुंचने के महज 24 घंटे के भीतर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका के शरीर पर धारदार हथियार और मारपीट के कई गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका काजल साकेत की शादी 18 अप्रैल 2025 को मैहर जिले के मिरगौती निवासी राजेंद्र साकेत के साथ हुई थी। मृतका की मां अनूपा साकेत का आरोप है कि उनकी बेटी को शनिवार सुबह करीब 11 बजे ससुराल छोड़ा गया था।
ससुराल पहुंचने के कुछ ही समय बाद काजल का फोन बंद आने लगा। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि काजल के साथ मारपीट की गई है और उसे गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिर और पेट पर हथियार के निशान
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने देखा कि काजल के सिर, नाक, दोनों हाथों, पैरों, कंधों और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान थे। मां का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष ने इस घटना की जानकारी खुद मायके वालों को नहीं दी, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचने की सूचना मिली। अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही घंटों में काजल ने दम तोड़ दिया।
पति पर मारपीट का आरोप
फिलहाल, मृतका की मां ने पति राजेंद्र साकेत पर हत्या और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मार्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असल कारणों और पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा।