| | |

उज्जैन में बच्चों ने बुजुर्ग को मारे लात-घूंसे: 10 मिनट तक परेशान किया, पैसे छीने; पहले भी कर चुके है मारपीट

उज्जैन। गेबी हनुमान मंदिर के बाहर रात में भिक्षावृत्ति कर जीवन गुजारने वाला बुजुर्ग 16 सितंबर की तड़के 4 बजे सो रहा था। तभी पांच बच्चे वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि बच्चों ने 10 मिनट तक बुजुर्ग को परेशान किया और उसके पास रखे कुछ रुपए भी छीन लिए। इसके बाद सभी मौके से भाग निकले। घटना सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है।

पहले भी कर चुके है मारपीट
पीड़ित केके शर्मा ने बताया कि कुछ बच्चे आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं और जेब में रखे पैसे भी छीनकर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह उम्रदराज हैं और ऐसे हालात में खुद को असहाय महसूस करते हैं।
यह घटना पहली बार नहीं हुई। इससे पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की जा चुकी है। अब वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो में बच्चें मारपीट करते दिखे
रात के समय मंदिर के पास दुकान के बाहर सो रहे बुजुर्ग केके शर्मा को इलाके के पांच नाबालिग बच्चों ने घेर लिया। 9 से 11 साल की उम्र के बताए जा रहे बच्चे बुजुर्ग को लगातार परेशान करते नजर आए। कभी उनके कपड़े खींचे गए, तो कभी लात-घूंसों और लकड़ी से मारने की कोशिश की गई। बुजुर्ग दर्द से चीखते हुए खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। वहीं बच्चे हंसते हुए इस हरकत को दोहराते रहे। घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है।

Share