जीतू पटवारी बोले-छात्रों को शिक्षा नहीं मिल रही तो झूठ कैसे: हर जिले में होगी ‘छात्रों की गूंज’;BJP के होर्डिंग्स से कांग्रेस का प्रचार हुआ

इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के एक दिन बाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पटवारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लाखों युवाओं ने अपनी मौजूदगी से सरकार को संदेश दिया है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, युवाओं को रोजगार और छात्र मुद्दों को लेकर सरकार पर टिप्पणी की। साथ ही ऐलान किया कि अब मध्य प्रदेश के हर जिले में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर पटवारी ने कहा कि जो कुछ हुआ वह किसी के इशारे पर हुआ होगा, लेकिन उन्होंने प्रशासन को आगे राजनीतिक कार्यक्रमों में पैसे जमा कराने को लेकर सावधान रहने की बात कही।
छात्रों को शिक्षा नहीं मिल रही तो झूठ कैसे
पटवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इससे लाखों परिवार जुड़े हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने केजी से पीजी तक बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग दोहराई। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताए जाने पर पटवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर छात्रों को शिक्षा नहीं मिल पा रही है तो इसे झूठ कैसे कहा जा सकता है। उन्होंने बीजेपी पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका असर एक दिन पार्टी पर पड़ेगा।
सरकार विधेयक लेकर आए तो कांग्रेस पास कराने के लिए तैयार
वहीं कार्यक्रम के मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर बीजेपी की ओर से उठाए गए सवालों पर पटवारी ने कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि मंच पर मिले लोग छात्र थे या नहीं और छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए या नहीं। पटवारी ने रोजगार के मुद्दे पर चीन और भारत के बीच तुलना करते हुए भी सरकार से सवाल पूछे। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक लेकर आए तो कांग्रेस उसे पास कराने के लिए तैयार है।
बीजेपी के लगाए होर्डिंग्स से कांग्रेस का प्रचार हुआ
इसके अलावा कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर पटवारी ने कहा कि मिमिक्री मनोरंजन का माध्यम है और किसी की भावनाओं का अपमान करना इसका उद्देश्य नहीं था। दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव के नतीजों को लेकर सवाल उठाने पर भी पटवारी ने कहा कि चुनाव कहीं भी हो, मुद्दे उठाना गलत नहीं है। सरकारी संपत्ति पर लगे होर्डिंग्स को लेकर उन्होंने शहर से माफी भी मांगी और कहा कि बीजेपी द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स से कांग्रेस का प्रचार ही हुआ है ।