|

विदेश मंत्रालय में इंटर्नशिप का मौका: ₹10 हजार स्टाइपेंड, 27 सितंबर तक आवेदन; ग्रेजुएट और फाइनल ईयर छात्र कर सकते हैं आवेदन

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (MEA) ने 2026 के दूसरे टर्म की इंटर्नशिप के लिए आवेदन मांगे हैं। यह इंटर्नशिप अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार 27 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की लिस्ट 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए। उसके पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए उनके कोर्स में इंटर्नशिप फाइनल ईयर का जरूरी हिस्सा होना चाहिए। उम्मीदवार की उम्र 31 दिसंबर 2026 को 25 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

किन राज्यों के छात्रों को मौका?

इस टर्म में मध्य प्रदेश शामिल नहीं है। अक्टूबर-मार्च टर्म के लिए मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुडुचेरी भी इस टर्म में शामिल हैं।

30 छात्रों का होगा चयन
इस टर्म में अधिकतम 30 इंटर्न लिए जाएंगे। चयन दो चरणों में होगा। पहले उम्मीदवारों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग होगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंटरव्यू होगा। स्क्रीनिंग में 12वीं और ग्रेजुएशन के अंकों को देखा जाएगा।

हर महीने 10 हजार रुपए स्टाइपेंड
चयनित इंटर्न को 10 हजार रुपए प्रति माह का मानदेय मिलेगा। MEA एक बार आने-जाने के हवाई सफर का खर्च भी तय सीमा तक देगा। हालांकि दिल्ली में रहने और खाने का खर्च इंटर्न को खुद उठाना होगा।

इंटर्नशिप में क्या काम करना होगा?
इंटर्न को विदेश नीति और विदेश मंत्रालय के कामकाज को समझने का मौका मिलेगा। उन्हें रिसर्च, रिपोर्ट लिखने और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का विश्लेषण जैसे काम दिए जा सकते हैं। इंटर्नशिप के अंत में उम्मीदवार को अपने काम की रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।

Share