भारतीय खिलाड़ी वरुण सान्याल एशियन गेम्स से बाहर: वजन कम करने के दौरान बेहोश हुए; मेडिकल टीम ने किया अनफिट घोषित

भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी वरुण सान्याल एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। 77 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल से पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई। वजन कम करने के लिए सौना बाथ लेने के दौरान वह बेहोश हो गए थे। मेडिकल टीम ने जांच के बाद उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट घोषित कर दिया। इस वजह से वरुण क्वार्टर फाइनल में नहीं उतर सके। उनका मुकाबला बहरीन के मुखम्मद नबीयेव से होना था।

सौना बाथ के दौरान बिगड़ी तबीयत
वरुण मुकाबले के लिए वजन कम कर रहे थे। इसी दौरान सौना बाथ में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा। इसके बाद मेडिकल टीम को बुलाया गया। डॉक्टरों ने वरुण की जांच की। मेडिकल क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण उन्हें मुकाबले से बाहर कर दिया गया।

खिलाड़ी सौना बाथ क्यों लेते हैं?
मुकाबले से पहले तय वजन सीमा में आने के लिए खिलाड़ी सौना बाथ लेते हैं। खासकर बॉक्सिंग, MMA, कुश्ती जैसे खेलों में वजन की तय सीमा पूरी करने से पहले कुछ खिलाड़ी ऐसा करते हैं।

सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे
वरुण को प्रीलिमिनरी राउंड में बाई मिली थी। इसलिए उन्हें शुरुआती मुकाबला नहीं खेलना पड़ा। वह सीधे 77 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारण उनका एशियन गेम्स अभियान बिना मुकाबला खेले ही खत्म हो गया।

जापान पहुंचने में भी हुई परेशानी
27 साल के वरुण लंदन से मुंबई और फिर सिंगापुर होते हुए जापान पहुंचे थे। नागोया पहुंचने के बाद उन्हें गेम्स विलेज में कमरा मिलने में भी काफी समय लगा। एक्रेडिटेशन से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें कमरे के लिए 10 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। कमरा मिलने के बाद भी परेशानी खत्म नहीं हुई। जिस कमरे में उन्हें ठहराया गया था, उस पर दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी दावा किया था। इससे उन्हें आराम करने के लिए कम समय मिला।

बोले- शरीर पूरी तरह थक चुका था
वरुण ने मीडिया से कहा कि जब वह आखिरकार अपने कमरे में पहुंचे और बिस्तर पर लेटे, तब उनका शरीर पूरी तरह थक चुका था। इसके बाद वजन कम करने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें मुकाबले के लिए फिट नहीं पाया।

संजीव सान्याल के बेटे हैं वरुण
वरुण सान्याल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल के बेटे हैं। वरुण की प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इस घटना के बाद उनका 77 किलो वर्ग का मुकाबला रद्द हो गया और वह एशियन गेम्स से बाहर हो गए।

Share