सतना में युवक ने कॉलेज छात्रा पर 10 महीने से रिलेशन का दबाव बनाया: मना करने पर गर्लफ्रेंड से पिटवाया; आरोपी छात्र गिरफ्तार

सतना। कॉलेज छात्रा पर 10 माह से अनुचित यौन संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर उसकी पिटाई कराने के मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी छात्र श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जेएफएफसी सोलानी वर्मा की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से झाली कोठी का रहने वाला है और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उमरी में रहकर पढ़ाई करता था।
विरोध करने पर सहेलियों के जरिए दबाव बनाने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार श्रवण पिछले करीब 10 माह से छात्रा पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड के जरिए उस पर दबाव बनाने की कोशिश की। आरोप है कि छात्रा के तैयार नहीं होने पर आरोपी की गर्लफ्रेंड ने अपनी एक सहेली के जरिए उसे कोलगवां थाना क्षेत्र के नगर वन के सुनसान इलाके में बुलाया।
वहां पहले से तीन अन्य लड़कियां मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार चारों ने छात्रा के साथ मारपीट की और घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
चार लड़कियों पर एक और धारा बढ़ाई
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने चारों लड़कियों के खिलाफ दर्ज मामले में कई धारा लगाई है। पुलिस के अनुसार पहले से चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज है किया था। पुलिस ने मामले में आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पीड़िता के बयान और जांच में श्रवण की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया और गिरफ्तार किया।
इंस्टाग्राम के जीसी ग्रुप से हुई थी पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि शहर के कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं का इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप था, जिसे ‘जीसी ग्रुप’ बताया गया है। घटना के बाद यह ग्रुप डिलीट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार चार आरोपी छात्राओं में से एक इस ग्रुप की एडमिन थी।
इसी ग्रुप के जरिए पीड़िता की पहचान आरोपी छात्र श्रवण से हुई थी। बाद में आरोपी द्वारा पर्सनल मैसेज किए जाने पर छात्रा ने विरोध किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ए.के.एस. यूनिवर्सिटी में पढ़ता है, जबकि चार आरोपी छात्राओं में दो पीड़िता के साथ विट्स इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ती हैं। दो अन्य आरोपी छात्राएं सरकारी डिग्री कॉलेज की बताई गई हैं।