रीवा में महिलाओं ने चोरी की सोने की 10 कील: ग्राहक बनकर दुकानदार को बातों में उलझाया; CCTV से हुई पहचान

रीवा। महिला चोर गिरोह ने सराफा दुकान से सोने की 10 कीलें चुरा ली। दुकानदार को बातों में उलझाकर घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज से चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
दुकानदार को बातों में उलझाकर की चोरी
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 2:30 बजे गुढ़हाई स्थित मालती ज्वेलर्स में दो महिलाएं पहुंचीं। दोनों ने ग्राहक बनकर पहले आभूषण देखने शुरू किए। काफी देर तक दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका पाकर उन्होंने सोने की 10 कीलें चोरी कर लीं । फिर बिना कुछ खरीदे दुकान से निकल गईं।
चोरी का पता चलते ही की सूचना
दुकानदार को कुछ देर बाद सामान व्यवस्थित करते समय चोरी का पता चला। जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार सुबह घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसमें दोनों महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज देखकर कर रहे तलाश
प्रारंभिक जांच में मामला चोरी का लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। – निशा मिश्रा, थाना प्रभारी
उज्जैन में हो चुकी है गिरफ़्तारी
बता दें कि इससे पहले उज्जैन में महाकाल की सवारी के दौरान महिला चोर गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार किए गए थे। इस वारदात ने पुलिस और सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना के निर्देश दिए।