|

रीवा के लक्ष्मण बाग में गोवंश की मौत: गौ सेवकों ने किया हंगामा; जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत

रीवा। शहर के लक्ष्मण बाग इलाके में गोवंश की अचानक मौत के बाद रविवार को हंगामा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक और पशुप्रेमी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गोवंश की मौत को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप
गौ सेवकों ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण बाग में गोवंश की देखभाल, खाने और स्वास्थ्य व्यवस्था पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मौत के कारणों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए बिछिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने समझाकर संभाला मामला
सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ लक्ष्मण बाग पहुंचीं। पुलिस ने गौ सेवकों से बातचीत की और मामले की जांच का भरोसा दिया। पुलिस ने कहा कि गोवंश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Share