रीवा में कुत्ते को बचाने में कार पलटी: 6 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर; अयोध्या से छत्तीसगढ़ जा रहा था परिवार

रीवा। जिले के डिहीया इलाके में रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार 6 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुत्ते को बचाने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन
वहा मौजूद लोग और ग्रामीणों के मुताबिक, तिवारी परिवार अयोध्या से छत्तीसगढ़ जा रहा था। कार की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान सड़क के बीच अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया। संतुलन बिगड़ने के बाद कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बाद में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।