|

रीवा में अस्पताल की लिफ्ट गिरने से मरीज की मौत: परिजनों और सैकड़ों लोगों का धरना; अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

रीवा। नेशनल अस्पताल में शनिवार देर रात लिफ्ट से हुए हादसे में 50 वर्षीय मरीज सुरेश सेन की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार को मृतक के परिजन और सैकड़ों लोग अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

पेड़ से गिरने के बाद इलाज के लिए पहुंचे थे, सुरेश सेन, निवासी लालपुर अमरपाटन, पेड़ से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए रीवा के नेशनल अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार देर रात अस्पताल का एक कर्मचारी सुरेश को लिफ्ट में छोड़कर चला गया। इसी दौरान लिफ्ट से हादसा हुआ और सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के बाहर लोगों ने किया प्रदर्शन
सुरेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित नाराज हो गए। रविवार को बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हुए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल उठाए।

परिजनों का आरोप है कि सुरेश इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन लिफ्ट की व्यवस्था में लापरवाही के कारण उनकी मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों ने पुलिस पर भी लगाए आरोप
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभालने की कोशिश की। इस दौरान मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने और जमीन पर घसीटने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजन बोले, परिवार को न्याय चाहिए
मृतक के परिजन बृजेश सेन ने बताया कि सुरेश पेड़ से गिरने के बाद इलाज कराने अस्पताल आए थे। उनके मुताबिक अस्पताल का कर्मचारी उन्हें लिफ्ट में छोड़कर चला गया था, जिसके बाद हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि जिसकी भी लापरवाही सामने आए, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। परिजन सोनू सेन ने भी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और न्याय चाहिए।

कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
मामले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि रीवा में हुई घटना अस्पतालों की मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पार्टी ने सरकार से इस मामले में जवाब मांगा है।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से बयान नहीं
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से हादसे और परिजनों के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजन और प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share