|

रीवा में एक स्ट्रीट लाइट की शिकायत एक माह से लंबित: आवेदक पर अधिकारियों ने बनाया दबाव; कहा- DM सख्त, बंद करा दो नौकरी का सवाल है

रीवा जिले के गंगेव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मदरी में खराब स्ट्रीट लाइट का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शिकायत कर्ता स्वतंत्र शुक्ला द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई शिकायत के बावजूद एक महीना बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। शिकायत में बताया गया कि कैलाश हायर सेकेंड्री स्कूल के पीछे आवेदक का घर है। पानी की टंकी के पास लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे रात के समय आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सीएम हेल्पलाइन में यह शिकायत 20 जून 2026 को दर्ज की गई थी। शिकायत का निराकरण निर्धारित समय सीमा में नहीं होने के कारण मामला पहले लेवल-2, फिर लेवल-3 और अब उच्च स्तर के अधिकारी तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता ने कई बार फॉलोअप करते हुए कहा कि विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परेशानी लगातार बनी हुई है।

14 जुलाई 2026 की अद्यतन स्थिति में शिकायतकर्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा फ़ोन कर शिकायत वापस लेने और उसे बंद कराने के लिए दबाव बनाया गया। इस पर स्वतंत्र शुक्ला ने कहा- लाइट लगा दीजिए शिकायत अपने आप बंद हो जाएगी।

मामले में शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा खराब स्ट्रीट लाइट को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है। हालांकि शिकायत की लगातार अनदेखी के चलते मामला अब उच्च अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच चुका है।

स्वतंत्र शुक्ला का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन समस्या का निराकरण कराने के लिए है इससे किसी अधिकारी को परेसानी नहीं होनी चाहिए। गांव में अगर देखा जाए तो सिर्फ एक जगह नहीं सैकड़ों लाइट खराब हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा।

कई बार ग्राम पंचायत को मौखिक रूप से इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्ट्रीट लाइट की मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार उपेक्षा के बाद मामले की शिकायत की गई है। क्योंकि बारिस के मौसम में लाइट बंद रहने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।

जिला प्रशासन और पंचायत विभाग से मांग है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पूरे गांव की स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
Image- AI Created

Share