RBI MPC का फैसला आज, रेपो रेट पर टिकी बाजार की नजरें
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की जून माह की द्विमासिक समीक्षा बैठक के फैसले का ऐलान शुक्रवार सुबह 10 बजे किया जाएगा। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा नीतिगत निर्णयों की घोषणा करेंगे, जिस पर निवेशकों, उद्योग जगत और आम लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
आरबीआई ने बताया कि मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक 3 जून से शुरू हुई थी, जो 5 जून तक चलेगी। बैठक में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की कीमतों, मुद्रास्फीति, आर्थिक वृद्धि और वित्तीय स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस बार भी केंद्रीय बैंक रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं कर सकता। हालांकि, बाजार की नजरें आरबीआई के भविष्य के रुख और महंगाई को लेकर दिए जाने वाले संकेतों पर बनी हुई हैं।
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति के फैसलों की घोषणा करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वे नीतिगत फैसलों और आर्थिक परिदृश्य को लेकर विस्तार से जानकारी देंगे।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2026 में हुई पिछली एमपीसी बैठक में केंद्रीय बैंक ने सर्वसम्मति से रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का फैसला किया था। साथ ही तटस्थ (Neutral) रुख बनाए रखा गया था।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं और घरेलू आर्थिक संकेतकों को देखते हुए आरबीआई का यह फैसला आने वाले महीनों की आर्थिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
