बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे सांसद-अभिनेता रवि किशन, भस्म आरती के बाद किए दर्शन

Ravi Kishan बुधवार तड़के Mahakaleshwar Temple पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए।

भस्म आरती के पश्चात उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नंदी हॉल में पूजन कर परंपरा अनुसार नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना व्यक्त की और फिर गर्भगृह की चौखट पर माथा टेककर भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने जल अर्पित कर श्रद्धा भाव से जाप किया।

करीब 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रहकर उन्होंने देश, प्रदेश और अपने संसदीय क्षेत्र Gorakhpur की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में रवि किशन ने कहा कि बाबा महाकाल के चरणों में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने देशवासियों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

भस्म आरती में सजा महाकाल का दिव्य स्वरूप

तड़के संपन्न भस्म आरती में भगवान महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने पंचामृत से अभिषेक कर भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से अलंकरण किया।

शेषनाग के रजत मुकुट, मुण्डमाल और रुद्राक्ष की मालाओं से सुसज्जित स्वरूप ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भस्म अर्पण की परंपरा के साथ आरती सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल भक्तों को साकार रूप में दर्शन देते हैं। पूरे मंदिर परिसर में “जय महाकाल” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

Share

Similar Posts